नेपाल में सांप्रदायिक तनाव के बीच कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए परसा जिला प्रशासन ने आज बीरगंज महानगरपालिका में कर्फ्यू बढ़ा दिया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टिकटॉक पर की गई टिप्पणियों को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद बढ़ने के बाद क्षेत्र में अशांति फैल गई। रविवार को कमला नगरपालिका में एक मस्जिद में तोड़फोड़ के बाद स्थिति और बिगड़ गई।
विरोध में प्रदर्शनकारियों ने बीरगंज और आसपास के इलाकों में रैलियां निकालीं, टायर जलाए और नारे लगाए। कल शाम से निषेधाज्ञा लागू होने के बावजूद, विरोधी गुटों ने प्रदर्शन जारी रखा। छपकाइया ईदगाह चौक पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई। इसके बाद पुलिस को आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा। अधिकारियों ने इस संबंध में तीन लोगों को हिरासत में लिया है।