पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा है कि भारत में कच्चे तेल की आपूर्ति सुरक्षित है और देश के कच्चे तेल के आयात का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा अब होर्मुज जलडमरूमध्य के बाहर से आ रहा है। नई दिल्ली में पश्चिम एशिया के हालिया घटनाक्रमों पर अंतर मंत्रालयी बैठक को संबोधित करते हुए सुश्री सुजाता ने कहा कि सरकार के पास सुरक्षित कच्चे तेल की मात्रा होर्मुज जलडमरूमध्य से आने वाली मात्रा से अधिक है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि सरकार खाड़ी सहयोग परिषद- जी.सी.सी और पश्चिम एशियाई देशों में रहने वाले भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। श्री जायसवाल ने बताया कि हमले में क्षतिग्रस्त हुए व्यापारिक जहाजों पर सवार दो भारतीय नागरिकों की मौत हो गई है और एक व्यक्ति लापता है। उन्होंने कहा कि जीसीसी क्षेत्र में घायल हुए भारतीयों का इलाज चल रहा है और दूतावास उनके संपर्क में है।
पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा ने कहा कि वर्तमान में फारस की खाड़ी में 28 भारतीय जहाज कार्यरत हैं, जिनमें सात सौ 78 भारतीय नाविक हैं। श्री सिन्हा ने कहा कि सरकार इन सभी जहाजों और उनके चालक दल की सुरक्षा के लिए सक्रिय रूप से निगरानी रख रही है।