अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कन्फ़ेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स – कैट ने एसोसिएशन ऑफ़ डायरेक्ट सेलिंग एंटिटीज़ ऑफ इंडिया के सहयोग से नई दिल्ली स्थित यशोभूमी कन्वेन्शन सेंटर में एक राष्ट्रीय महिला उद्यमी सम्मेलन आयोजित किया। इस सम्मेलन में देशभर से दस हजार से अधिक महिला उद्यमियों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और भाजपा सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने किया।
इस अवसर पर कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि देशभर की महिलाएँ आज रोजगार सृजक, नवप्रवर्तक और सफल उद्यमी के रूप में उभर रही हैं। श्री खंडेलवाल ने कहा कि सरकार की विभिन्न पहलों के माध्यम से तीन करोड़ से अधिक महिलाएँ लखपति दीदी बन चुकी हैं और आने वाले समय में तीन करोड़ और महिलाओं को इस उपलब्धि से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के महिला-नेतृत्व वाले विकास के दृष्टिकोण को प्रतिबिंबित किया है।