मई 13, 2026 4:39 अपराह्न

printer

अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय एआई के माध्यम से अल्पसंख्यकों के समावेशी विकास पर कल राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करेगा

अल्‍पसंख्‍यक कार्य मंत्रालय कल नई दिल्‍ली में – ‘अल्‍पसंख्‍यक कल्‍याण-विकसित भारत के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्‍यम से समावेशी विकास’ विषय पर राष्‍ट्रीय सम्‍मेलन का आयोजन करेगा। इसका आयोजन भागीदारी से भाग्‍योदय लक्ष्‍य के तहत किया जा रहा है। मंत्रालय ने एक वक्‍तव्‍य में कहा कि इस सम्‍मेलन का उद्देश्‍य समावेशी शासन मजबूत करना, नीतिगत पहुंच बढाना और पूरे देश में अल्‍पसंख्‍यक समुदायों के लिए प्रौद्योगिकी आधारित कल्‍याणकारी उपायों को बढावा देना है। यह आयोजन विकसित भारत के लक्ष्‍य के अनुरूप भागीदारी विकास और सहकारी संघवाद की दिशा में मंत्रालय की प्रतिबद्धता दर्शाता है। यह सम्‍मेलन केन्‍द्र – राज्‍य समन्‍वय, सर्वोत्‍तम अभ्‍यासों का आदान प्रदान और अल्‍पसंख्‍यक समुदाय के लिए मंत्रालय की योजनाओं का लाभ, अधिकतम पहुंच, पारदर्शिता और लाभ सुनिश्चित करने के लिए विचार विमर्श को बढावा देगा। मंत्रालय ने बताया इस सम्‍मेलन से समावेशी और प्रौद्योगिकी आधारित अल्‍पसंख्‍यक कल्‍याण के लिए प्रभावी कार्ययोजना उपलब्‍ध होने, समान विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता मजबूत होने और राष्‍ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सभी समुदायों की भागीदारी बढने की उम्‍मीद है।   

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला