जुलाई 7, 2025 2:49 अपराह्न

printer

राष्‍ट्र सभी के लिए सुलभ, सस्ती और समान स्वास्थ्य सेवा के अपने लक्ष्य को पूरा करने के लिए तैयार: जेपी नड्डा

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि राष्‍ट्र सभी के लिए सुलभ, सस्ती और समान स्वास्थ्य सेवा के अपने लक्ष्य को पूरा करने के लिए तैयार है। श्री नड्डा ने कहा कि एक लाख 77 हजार से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर के माध्‍यम से लोगों की स्वास्थ्य सेवा तक पहुंच बढ़ रही है।

 

ई-संजीवनी और टेलीमानस जैसे प्लेटफार्मों के जरिए विशेषज्ञ देखभाल तक समान पहुंच को बढ़ावा मिला है। केंद्रीय मंत्री ने राष्‍ट्रीय दैनिक में एक लेख में कहा कि मिशन इंद्रधनुष के अंतर्गत पांच करोड़ 46 लाख बच्चों और एक करोड़ 32 लाख गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया गया।

 

उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र की मातृ मृत्यु अनुमान अंतर-एजेंसी समूह की रिपोर्ट के अनुसार भारत में मातृ मृत्यु दर में 86 प्रतिशत की गिरावट देखी गई है, जो 48 प्रतिशत की वैश्विक औसत की गिरावट से लगभग दोगुनी है। श्री नड्डा ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में भारत की स्वास्थ्य सेवा प्रणाली ने समान स्वास्थ्य देखभाल की नींव रखी है।