लद्दाख में आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में ‘माई भारत युवा कारगिल’ नामक एक विशेष खेल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारत सरकार की अस्मिता पहल के अंतर्गत जिला युवा सेवा और खेल कार्यालय कारगिल के सहयोग से आयोजित किया गया।
युवा मामले और खेल मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य खेलों में महिलाओं की भागीदारी और खेलों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण के संदेश को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कारगिल के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, इश्तियाक अहमद काचो उपस्थित थे। वहीं, लद्दाख कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक डॉ. रिनचेन डोलकर विशिष्ट अतिथि थीं।
रमजान के पवित्र महीने में उपवास के बावजूद, कारगिल के विभिन्न हिस्सों से युवतियों ने उत्साहपूर्वक इस कार्यक्रम में भाग लिया और अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता और खेल भावना का प्रदर्शन किया।