आयुष मंत्रालय ने आज नई दिल्ली में आयुष निर्यात संवर्धन परिषद – आयुषएक्सिल और एक त्वरित व्यापार कंपनी के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इससे देश में आयुष औषधियों और आरोग्य उत्पादों तक सुनियोजित ऑनलाइन पहुंच में सुविधा होगी। एक वीडियो संदेश के जरिए आयुष मंत्री प्रताप राव जाधव ने कहा कि नवाचार संचालित भारतीय स्टार्टअप्स विश्वसनीय आरोग्य उत्पादों को देश के अंतिम छोर तक पहुंच को सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। श्री जाधव ने कहा कि यह सहयोग देश की परंपरागत ज्ञान प्रणाली को आधुनिक डिजिटल अवसंरचना से एकीकृत करने संबंधी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण के अनुरूप है।
कार्यक्रम के दौरान आयुषएक्ससिल के अध्यक्ष अनुराग शर्मा ने कहा कि यह सहयोग पारंपरिक भारतीय स्वास्थ्य प्रणाली को आधुनिक त्वरित वाणिज्य प्रणाली के साथ एकीकृत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी आयुष क्षेत्र की डिजिटल पहुंच, उपभोक्ताओं का विश्वास और बाजार पहुंच को मज़बूत करेगी।
इस समझौते में आयुष गुणवत्ता चिह्न अनुपालन को बढ़ावा देना, आयुषएक्सिल द्वारा सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों में से योग्य आयुष निर्माताओं की पहचान करना और आयुष प्रणालियों के बारे में विश्वसनीय शैक्षिक सामग्री पर सहयोग करना शामिल है। इस अवसर पर आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोएत्चा ने कहा कि यह समझौता ज्ञापन आयुष को वैश्विक स्वास्थ्य और कल्याण प्रणाली के रूप में स्थापित करने के मंत्रालय के दृष्टिकोण का समर्थन करेगा।
News On AIR | जनवरी 28, 2026 8:51 अपराह्न | AYUSH medicines | MoU between Ministry of AYUSH and AYUSHEXIL to promote authentic AYUSH medicines
आयुष मंत्रालय और आयुषएक्सिल के बीच प्रामाणिक आयुष दवाओं को बढ़ावा देने के लिए हेतु समझौता