मार्च 14, 2025 9:13 अपराह्न

printer

मॉस्कोः रूसी-राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमरीकी-राष्ट्रपति के विशेष-राजदूत स्टीव विटकॉफ से मुलाकात की

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष राजदूत स्टीव विटकॉफ से मॉस्को में मुलाकात की। रूस ने आज इस की पुष्टि की कि दोनों ने हाल ही में सऊदी अरब के जेद्दाह में हुई अमरीका-यूक्रेन शांति वार्ता पर चर्चा की।

 

    बैठक में पुतिन को रूस और यूक्रेन के बीच प्रस्तावित 30-दिन के युद्धविराम के बारे में विस्‍तृत जानकारी दी गई। इस युद्धविराम के बदले में अमरीका ने यूक्रेन के साथ फिर से सैन्य सहायता और खुफिया जानकारी साझा करने पर सहमति जताई है।

 

    रूस के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि पुतिन ने राष्ट्रपति ट्रंप के लिए “सूचना और अतिरिक्त संकेत” भी भेजे हैं। बाद में पुतिन ने कहा कि रूस शांतिपूर्ण समाधान का समर्थन करता है, लेकिन इस बात पर बल दिया कि युद्धविराम की शर्तें स्पष्ट और लागू करने योग्य होनी चाहिए।

 

उन्होंने यह सुनिश्चित करने के लिए एक निगरानी प्रणाली की आवश्यकता पर भी जोर दिया और कहा कि यूक्रेन युद्धविराम का उपयोग दोबारा शस्‍त्रीकरण के लिए न करे।

 

    इस बीच, राष्ट्रपति ट्रंप ने पुतिन की प्रतिक्रिया का स्वागत किया है और इसे “आशाजनक” बताया, श्री ट्रंप ने पुतिन से सीधे बात करने में भी रुचि दिखाई। फिलहाल, मॉस्को ने इसे लेकर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया जारी नहीं की है, लेकिन बातचीत चल रही है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला