सरकार ने आज बताया कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण-एनएचएआई ने देश में राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे नेटवर्क पर एक हजार से अधिक टोल प्लाजा पर टोल बूथों के प्रबंधन के लिए दिन की पाली में पांच हजार से अधिक महिला कर्मचारियों को तैनात किया है। इस तैनाती का उद्देश्य टोल संचालन में महिलाओं के सशक्तिकरण और समावेशिता को बढ़ावा देना है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने बताया कि इस कदम का उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्ग यात्रियों के लिए एक कुशल, सहानुभूतिपूर्ण और उपयोगकर्ता के अनुकूल वातावरण को बढ़ावा देकर राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ता अनुभव में उल्लेखनीय सुधार करना है।
मंत्रालय ने यह भी बताया कि इस पहल के अंतर्गत एनएचएआई तैनात महिला कर्मचारियों, विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं के लिए विशेष प्रशिक्षण की व्यवस्था भी करेगा। प्रशिक्षण में राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ताओं के साथ विनम्र व्यवहार, आपातकालीन स्थितियों से निपटना, बुनियादी सुरक्षा प्रोटोकॉल और टोल प्लाजा के कुशल संचालन जैसे क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। क्षमता निर्माण का यह सुनियोजित प्रयास एक सुरक्षित और पेशेवर कार्य वातावरण सुनिश्चित करते हुए सेवा की गुणवत्ता को बढ़ाने में सहायक होगा।
News On AIR | मार्च 6, 2026 6:02 अपराह्न | thousand women employees are deployed at toll plazas.
टोल प्लाजा पर पांच हजार से अधिक महिला कर्मचारी तैनात