संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी ने कहा है कि पूर्वी कांगो डेमोक्रेटिक रिपब्लिक में जारी संघर्ष से भाग रहे 50 से अधिक शरणार्थियों की पड़ोसी देश बुरुंडी में मौत हो गई है। एजेंसी ने कल रात बताया कि कुल 53 मौतों में से 25 लोगों की मौत हैजा, छह अन्य की मौत एनीमिया और कुपोषण से संबंधित अन्य जटिलताओं के कारण हुई है।
संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि वह स्वास्थ्य मंत्रालय और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर अन्य मौतों के कारणों की जांच कर रहा है। एजेंसी ने कहा कि दिसंबर की शुरुआत में सीमा के पास संघर्ष तेज होने और विद्रोहियों द्वारा उविरा शहर पर कब्जा करने के बाद से 1 लाख से अधिक कांगोवासियों ने बुरुंडी में शरण ली है।