प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अनूठे संवाद कार्यक्रम, परीक्षा पे चर्चा के लिए अब तक चार करोड़ से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। प्रधानमंत्री ने इस वर्ष के कार्यक्रम के लिए विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों से सुझाव आमंत्रित किए हैं।
श्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं नजदीक आने के साथ ही वे परीक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों से एक बार फिर बातचीत करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी बातचीत में मुख्य रूप से परीक्षा के तनाव से निपटने, शांत तथा आत्मविश्वासी बने रहने और मुस्कुराते हुए परीक्षा देने के तरीकों पर चर्चा होगी। श्री मोदी ने देश के परीक्षा देने वाले उम्मीदवारों से अपने प्रश्न, विचार और अनुभव साझा करने का आग्रह किया है जो दूसरों को प्रेरित कर सकें।