मार्च 17, 2026 10:24 अपराह्न

printer

मोदी सरकार ने देश में वोट बैंक की राजनीति के बजाय प्रदर्शन-आधारित राजनीति की शुरुआत की: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि मोदी सरकार ने देश में वोट बैंक की राजनीति के बजाय प्रदर्शन-आधारित राजनीति की शुरुआत की है। लोकसभा में रेल मंत्रालय के अनुदान मांगों पर हुई चर्चा का उत्तर देते हुए श्री वैष्णव ने कहा कि सरकार ने पिछले एक दशक में रेलवे में बड़े बदलाव किए हैं और इस क्षेत्र के सभी पहलुओं पर काम किया है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में रेलवे की वित्तीय स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

श्री वैष्णव ने कहा कि केंद्रीय बजट में रेलवे के लिए किए गए रिकॉर्ड आवंटन से देश के हर राज्य को लाभ होगा। उन्होंने बताया कि डीजल आधारित परिचालन को विद्युतीकृत करने से लगभग छह हजार करोड़ रुपये की बचत हुई है।

उन्होंने कहा कि 47 हजार किलोमीटर रेलवे ट्रैक का विद्युतीकरण पूरा हो चुका है। इससे कुल विद्युतीकरण का लगभग 99 प्रतिशत काम हो चुका है। श्री वैष्णव ने कहा कि देश में विश्व की सबसे शक्तिशाली हाइड्रोजन विकसित की गई है।

इससे पहले तृणमूल कांग्रेस की शताब्दी रॉय ने कहा कि 341 रेलगाड़ियों में पैंट्री कार की सुविधा नहीं है। उन्होंने रेड़गाड़ियों में स्वच्छ भोजन व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया। सुश्री रॉय ने बताया कि रेलवे प्रतीक्षा सूची-वेटिंग लिस्‍ट में शामिल टिकटों को रद्द करने पर भी यात्रियों से शुल्क वसूला जा रहा है।

लोक जनशक्ति पार्टी (आर) के अरुण भारती ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे ने अपनी परिवहन प्रणाली में बदलाव किया है और अब वैश्विक मानक स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि 2026-27 के केंद्रीय बजट में रेलवे के लिए 2 लाख 93 हजार करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय आवंटित किया गया है।

इससे अवसंरचना के विकास को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि बड़ी रेल दुर्घटनाओं में 90 प्रतिशत की कमी आई है। श्री भारती ने कहा कि यूपीए सरकार के कार्यकाल में प्रतिदिन 4 दशमलव 2 किलोमीटर रेल पटरी बिछाई जाती थी, जो अब बढ़कर 8 दशमलव 5 किलोमीटर हो गई है।

कांग्रेस के राजमोहन उन्नीथन ने आरोप लगाया कि केरल में रेल परियोजनाएं धीमी गति से बढ़ रही हैं। उन्होंने राज्य में एक हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की मांग की।

भाजपा की मालविका देवी ने कहा कि मोदी सरकार ने रेलवे को एक नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट में रेलवे से संबंधित घोषणाओं से राजस्व और यात्री सुविधाओं में वृद्धि होगी।

मालविका देवी ने कहा कि वंदे भारत स्लीपर, पूर्व-पश्चिम माल कॉरिडोर, कवच सुरक्षा प्रणाली का विस्तार, पूर्ण विद्युतीकरण, पटरी दोहरीकरण और नई निर्माण परियोजनाओं जैसी पहलों से न केवल यात्रियों के आराम, सुरक्षा और गति में सुधार होगा, बल्कि टिकाऊ और पर्यावरण के अनुकूल तथा आधुनिक परिवहन अवसंरचना को भी बढ़ावा मिलेगा।

शिवसेना के श्रीकांत शिंदे ने कहा कि रेलवे का चेहरा गंदे स्टेशनों से बदलकर हाई-स्पीड वंदे भारत रेलगाड़ियों की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने महाराष्ट्र में रेलवे पर ध्यान केंद्रित करने के लिए सरकार को धन्यवाद दिया।

केरल कांग्रेस के के. फ्रांसिस जॉर्ज ने कहा कि सरकार आधुनिकीकरण और विस्तार की बातें तो करती है लेकिन रेलवे संबंधी स्थायी समिति की रिपोर्ट से पता चलता है कि लक्ष्यों और वास्तविक प्रदर्शन में भारी अंतर है। उन्होंने आरोप लगाया कि आवंटित धनराशि से अपेक्षित परिणाम नहीं मिल रहे हैं। चर्चा में कुल 210 सदस्यों ने हिस्सा लिया।