अप्रैल 2, 2026 1:47 अपराह्न

printer

पिछले वित्तीय वर्ष में रक्षा निर्यात सर्वकालिक उच्च स्तर 38 हजार 424 करोड़ रुपये पहुंचा

देश का रक्षा निर्यात वित्त वर्ष 2025-26 में 38 हजार चार सौ 24 करोड़ रूपए है। ये पिछले वित्त वर्ष के 23 हजार 622 करोड़ रुपये के आंकड़े से कहीं अधिक है।

14 हजार 802 करोड़ रुपये से अधिक की ये वृद्धि 62 दशमलव छह-छह प्रतिशत की बढ़ोतरी को दर्शाती है।

रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इसमें सार्वजनिक क्षेत्र के रक्षा उपक्रमों का योगदान, 54 दशमलव आठ-चार प्रतिशत और निजी क्षेत्र का योगदान, 45 दशमलव एक-छह प्रतिशत रहा।

पिछले वर्ष की तुलना में सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के निर्यात में 151 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि निजी कंपनियों ने 14 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। मंत्रालय ने बताया कि यह वृद्धि वैश्विक स्‍तर पर भारत के रक्षा उपकरणों की साख को दर्शाती है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत, दुनिया भर में रक्षा उपकरणों का विनिर्माण केंद्र बनने की ओर तेजी से अग्रसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व में भारत, रक्षा निर्यात में लगातार सफलता प्राप्‍त कर रहा है।