संस्कृति मंत्रालय ने यू-ट्यूब के साथ आज समझौता ज्ञापन का आदान प्रदान किया। इसका उद्देश्य डिजिटल प्लेटफार्म का उपयोग करके दुनियाभर में भारत की समृद्ध और विविध संगीत परम्परा का प्रसार करना है। इस अवसर पर संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि देश की सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण करने और वैश्विक स्तर पर पारम्परिक लोक और जनजातीय संगीत को बढावा देने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। श्री शेखावत ने कहा कि यह पहल वोकल फॉर लोकल और लोकल फॉर ग्लोबल के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण के अनुरूप है।
श्री शेखावत ने विषय सामग्री-निर्माण और उसके प्रसार में यू-ट्यूब की सराहना की। उन्होंने कहा कि यू-ट्यूब ने डिजिटल अर्थव्यवस्था में उल्लेखनीय योगदान दिया है और यह बडी संख्या में क्रियेटरों के रोजगार और सशक्तीकरण का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि ये भागीदारी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत के लोक और जनजातीय संगीत को बढावा देने तथा कलाकरों और क्रियेटर को समर्थन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।