मार्च 18, 2026 12:14 अपराह्न

printer

नागर विमानन मंत्रालय ने एयरलाइनों को यात्री सुविधा, पारदर्शिता और प्रक्रियाओं में सुधार के निर्देश दिए

नागर विमानन मंत्रालय ने विभिन्‍न एयरलाइनों को यात्रियों की सुविधा, पारदर्शिता और कार्य प्रणालियों में समानता को सशक्‍त बनाने के निर्देश जारी किए हैं।

नागर विमानन महानिदेशालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार किसी भी उड़ान में कम से कम 60 प्रतिशत सीटें निःशुल्क आवंटित करना शामिल है ताकि सभी को समान रूप से सीटें मिल सकें। मंत्रालय ने यह भी निर्देश दिया कि एक ही पीएनआर पर यात्रा करने वाले यात्रियों को आस-पास की सीटों पर एकसाथ बैठाया जाना चाहिए। मंत्रालय ने बताया कि खेल उपकरण और संगीत वाद्ययंत्रों को ले जाने के लिए भी पारदर्शी और यात्री अनुकूल तरीका अपनाया जाना चाहिए। मंत्रालय का कहना है कि पालतू जानवरों को ले जाने के लिए स्‍पष्‍ट और पारदर्शी नीति लाई जाएगी।

 इस बीच, सरकार ने यात्रियों के अधिकारों विशेषकर विमानों में विलंब होने, इसके रद्द होने और विमान पर सवार होने से रोके जाने के मामलों भी कड़े नियमों का निर्देश दिया है। मंत्रालय ने एयरलाइन की वेबसाइटों, मोबाइल एप्‍लीकेशनों, बुकिंग प्‍लेटफॉर्मों और हवाई अड्डों के काउंटरों पर यात्रियों के अधिकारों का स्‍पष्‍ट उल्‍लेख करने का भी निर्देश दिया है। मंत्रालय ने एयरलाइनों को व्‍यापक पहुंच और जागरुकता के लिए क्षेत्रीय भाषाओं में यात्रियों के अधिकारों की जानकारी देने के भी निर्देश दिए हैं।