जनवरी 13, 2026 8:32 अपराह्न

printer

सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने नई दिल्ली में आयोजित ‘इंस्पायरिंग इनोवेटर्स’ कार्यक्रम को संबोधित किया

सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने कहा है कि आने वाले वर्षों में भारतीय रचनात्मक अर्थव्यवस्था देश के सकल घरेलू उत्पाद- जीडीपी में एक बड़ी और महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए तैयार है। आज नई दिल्ली में आयोजित ‘इंस्पायरिंग इनोवेटर्स’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. मुरुगन ने कहा कि मीडिया और मनोरंजन उद्योग तेजी से बढ़ रहा है।

 

उन्होंने इस बात पर खुशी व्‍यक्‍त कि हॉलीवुड फिल्मों का पोस्ट-प्रोडक्शन भारत में हो रहा है। डॉ. मुरुगन ने कहा कि इससे रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि डिजिटल मीडिया ने टेलीविजन को पीछे छोड़ दिया है। लोग अपने मोबाइल फोन का उपयोग करके कहीं से भी रचनात्मक सामग्री बना रहे हैं।

सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सचिव संजय जाजू ने कहा कि नवाचार और रचनात्मकता नए भारत की पहचान को आकार दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि नवाचार के माध्यम से समस्याओं का समाधान हो रहा है, जो नए भारत की एक नई छवि प्रस्तुत कर रहा है।

प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार प्रो. अजय कुमार सूद ने कहा कि ‘इंस्पायरिंग इनोवेटर्स’ कार्यक्रम नवाचार को उजागर करने के साथ-साथ कौशल और ज्ञान के विकास को मजबूत करने के लिए बनाया गया है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम भारत के नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण के लिए एक समग्र दृष्टिकोण को दर्शाता है।