फ़रवरी 19, 2026 4:16 अपराह्न | #MinisterG.KishanReddy #minerals #industry

printer

केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने अर्थव्यवस्था को आकार देने में खनिजों को महत्वपूर्ण बताया 

केंद्रीय कोयला और पेट्रोलियम मंत्री जी. किशन रेड्डी ने आज वैश्विक अर्थव्यवस्था को आकार देने में महत्वपूर्ण खनिजों के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा, लिथियम और तांबा आधारित प्रौद्योगिकियों का आधार महत्वपूर्ण खनिज ही हैं। केंद्रीय मंत्री ने नई दिल्ली में ‘भारतीय महत्वपूर्ण खनिज परिदृश्य: सतत भविष्य की नींव’ के दूसरे संस्करण में यह बात कहीं।

उद्घाटन सत्र में उन्होंने कहा कि विश्व का भविष्य इन महत्वपूर्ण संसाधनों की उपलब्धता और सतत विकास पर निर्भर करता है। जी. किशन रेड्डी ने बताया कि 41 निजी एजेंसियों को महत्वपूर्ण खनिजों की खोज का दायित्व सौंपा गया है, जो भारत की संसाधन सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष जनवरी में कोकिंग कोयले को महत्वपूर्ण खनिजों की सूची में शामिल किया गया था, जो इसके रणनीतिक महत्व को दर्शाता है। जी. किशन रेड्डी ने घोषणा की कि स्थायी चुंबकों के निर्माण की तकनीक विकसित कर ली गई है और निजी क्षेत्र को इसके हस्तांतरण के साथ ही उत्पादन कार्य शुरू हो गया है।

कार्यक्रम के दौरान, केंद्रीय मंत्री ने फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री-फिक्की के सदस्यों के लिए एक पोर्टल लॉन्च किया। उन्होंने ग्लोबल क्रिटिकल मिनरल विजन पर एक रिपोर्ट और इस क्षेत्र में फिक्की के सामूहिक प्रयासों को दर्शाने वाली एक अन्य रिपोर्ट भी जारी की।