मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
Listen to live radio

जुलाई 8, 2024 5:23 अपराह्न | Eknath Shinde | Meteorological Department | Mumbai

printer

मौसम विभाग ने मुंबई के लिए जारी किया ऑरेंज अलर्ट, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने लोगों से अनावश्यक आवाजाही से बचने का किया आग्रह

मुंबई और उसके उपनगरों में तेज वर्षा लगातार जारी है, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने लोगों से अनावश्यक आवाजाही से बचने का आग्रह किया है। स्थिति की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में श्री शिंदे ने कहा कि सभी आपातकालीन एजेंसियां अलर्ट पर हैं।

हालांकि सड़क और रेल यातायात फिर से शुरू हो गया है, लेकिन शहर के निचले इलाकों में लोगों को जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। शहर के सभी जलभराव वाले स्थानों पर बीएमसी के अधिकारी मौजूद हैं। मुंबई हवाई अड्डे पर उड़ान सेवाएं भी प्रभावित हुईं हैं। कम दृश्यता के कारण  50 उड़ानों को रद्द या डायवर्ट किया गया है।

मौसम विभाग ने मुंबई के लिए कल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ग्रेटर मुंबई नगर निगम ने कहा है कि उसका आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष सक्रिय रूप से स्थिति की निगरानी कर रहा है।

रत्नागिरी, रायगढ़ और सिंधुदुर्ग जिलों में हो रही तेज बारिश के बीच उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने कहा कि सिंधुदुर्ग जिले के निचले इलाकों से 374 लोगों को बचाया गया है और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। रत्नागिरी में राज्य परिवहन की 405 से अधिक बसें आज रद्द रहीं।