मौसम विभाग ने आज उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान के अलग-अलग स्थानों पर तेज वर्षा की संभावना व्यक्त की है। इस दौरान आंधी और बिजली गिरने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने आज हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की आंधी और बिजली गिरने के साथ मध्यम वर्षा का अनुमान जताया है। वहीं, दिल्ली में आज सुबह हुई बारिश से गर्मी और उमस से राहत मिली।
दिल्ली में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। आकाशवाणी से बातचीत में मौसम विभाग की वरिष्ठ वैज्ञानिक सोमा सेन राय ने बताया कि कोंकण, गोवा, महाराष्ट्र, गुजरात, तटीय कर्नाटक और कर्नाटक के दक्षिणी अंदरूनी इलाकों तथा केरल के कुछ हिस्सों में अगले चार से पांच दिनों के दौरान अत्यधिक वर्षा हो सकती है।