अमरीकी संसद में अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण विधेयक पेश किया है। इसका उद्देश्य कुशल विदेशी प्रतिभाओं को अमरीका में बनाए रखना है। इसका लाभ भारत सहित हजारों विदेशी विद्यार्थियों को मिल सकता है। इससे छात्रों, विश्वविद्यालयों और नियोक्ताओं को दीर्घकालिक आश्वस्ति प्राप्त होगी। इस विधेयक को उद्योग और विश्वविद्यालयों के एक बड़े समूह का समर्थन प्राप्त है।
यह कदम ट्रंप प्रशासन द्वारा नवंबर में ऑप्शनल प्रैक्टिकल ट्रेनिंग-ओपीटी कार्यक्रम को समाप्त करने के संकेत के बाद उठाया गया है। इससे भारत के लिए यह मुद्दा विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। भारतीय छात्र अमरीका में सबसे बड़े विदेशी छात्र समूहों में से हैं। कई छात्र शिक्षा और रोजगार के बीच एक सेतु के रूप में ओपीटी पर निर्भर होते हैं।