मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम और उनकी पत्नी वीणा रामगुलाम आज से 16 सितंबर तक आठ दिवसीय भारत यात्रा पर रहेंगे।
अपनी भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री रामगुलाम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेंगे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ रणनीतिक साझेदारी को और मज़बूत करने पर चर्चा करेंगे। मुम्बई में वे एक व्यापारिक सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
विदेश मंत्रालय की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि भारत और मॉरीशस के संबंध बहुत घनिष्ठ रहे हैं तथा दोनों देश ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और जन संबंधों के स्तर पर गहराई से जुड़े हैं।
मॉरीशस हिंद महासागर क्षेत्र में भारत का प्रमुख समुद्री पड़ोसी है। भारत के महासागर दृष्टिकोण में मॉरीशस का प्रमुख स्थान है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि डॉ. रामगुलाम की यात्रा से भारत-मॉरीशस की रणनीतिक साझेदारी और अधिक मजबूत होगी।