प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि मॉरीशस, भारत का करीबी समुद्री पड़ोसी, हिंद महासागर में प्रमुख साझेदार और अफ्रीकी महाद्वीप का प्रवेश द्वार है। श्री मोदी ने मॉरीशस की यात्रा से पहले प्रस्थान वक्तव्य में कहा कि दोनों देश इतिहास, भूगोल और संस्कृति से जुड़े हुए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रगाढ आपसी विश्वास, लोकतंत्र के मूल्यों में साझा भरोसा और विविधता दोनों देशों की शक्ति हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि लोगों के बीच घनिष्ठ और ऐतिहासिक संबंध साझा गौरव का स्रोत हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह यात्रा अतीत की नींव पर बनेगी और भारत तथा मॉरीशस संबंधों में एक नया और उज्ज्वल अध्याय जोड़ेगी।