आकाशवाणी ने अपनी स्थापना की 90वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आज राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मैराथन का आयोजन किया। लगभग साढे तीन किलोमीटर की यह दौड आकाशवाणी भवन से शुरू हुई तथा कृषि भवन, रेल भवन और रिजर्व बैंक भवन से होती हुई आकाशवाणी भवन मे संपन्न हुई।
आकाशवाणी और दूरदर्शन सहित प्रसार भारती में कार्यरत कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों ने मैराथन में भाग लिया। प्रसारभारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव दिवेदी और आकाशवाणी के महानिदेशक राजीव कुमार जैन भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
बहुजन हिताय बहुजन सुखाय के आदर्श वाक्य के साथ आकाशवाणी की स्थापना वर्ष 1936 में हुई थी। यह देश का सर्वाधिक विश्वसनीय प्रसारण माध्यम है, जो विभिन्न भाषाओं में समाचार बुलेटिन के अलावा संगीत, मनोरंजन और जन उपयोगी कार्यक्रमों का प्रसारण करता है।
इस मैराथन के आयोजन से आकाशवाणी ने न केवल अपनी गौरवशाली संस्कृति और अस्मिता का उत्सव मनाया बल्कि स्वास्थ्य, स्फूर्ति, एकजुटता और लोकसंपर्क का संदेश भी प्रसारित किया।