मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने आज मणिपुर के उखरुल जिले में शिरुई पर्वत की तलहटी में वांगयान विरासत स्थल पर राज्य स्तरीय शिरुई लिली महोत्सव 2025 के 5वें संस्करण का उद्घाटन किया। राज्यपाल ने विरासत स्थल पर मणिपुर वन विभाग द्वारा निर्मित कला निवास सह प्रदर्शनी केंद्र का भी उद्घाटन किया।
उद्घाटन समारोह के दौरान राज्यपाल के साथ मुख्य सचिव प्रशांत कुमार सिंह और राज्य के अन्य अधिकारी मौजूद थे। पांच दिवसीय महोत्सव के शुभारंभ के साथ ही महोत्सव की विभिन्न गतिविधियां और प्रतियोगिताएं जिनमें हाइकिंग, मूवी स्क्रीनिंग, रॉक शो, साहित्य गतिविधियां, खेलकूद, सौंदर्य प्रतियोगिताएं शामिल हैं।
राज्यपाल और मुख्य सचिव आज सुबह राज्य पुष्प- शिरुई लिली के खिलने को देखने के लिए पहाड़ पर चढ़े। शिरुई लिली उत्सव लुप्तप्राय पौधे- लिलियम मैकलिनिया को प्रदर्शित करने और बढ़ावा देने के लिए मनाया जाता है, जिसे स्थानीय रूप से शिरुई लिली के रूप में जाना जाता है जो विशेष रूप से उखरुल जिले के शिरुई पहाड़ियों में ही खिलता है।