अक्टूबर 17, 2024 4:34 अपराह्न | HIMACHAL PRADESH NEWS | Valmiki birth anniversary

printer

बकलोह कैंट में मनाई गई महर्षि वाल्मीकि जी की जयंती, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल

बकलोह कैंट के वाल्मीकि मंदिर में महर्षि वाल्मीकि जी की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई जिसमें विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में सर्वप्रथम झंडा रस्म अदा की गई तत्पश्चात विधिवत पूजा अर्चना की गई। 
 
 
इस अवसर पर अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि भारतीय साहित्य के महान कवि और रामायण के रचयिता थे। उनके जीवन की अनेक प्रेरणात्मक विशेषताएं हैं जिनका अनुसरण कर हम आज भी अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि के जीवन से हमें यह प्रेरणा मिलती है कि जीवन में कठिनाइयों और गलतियों के बावजूद परिवर्तन संभव है तथा किसी भी व्यक्ति में सुधार की संभावना होती है। उन्होंने कहा कि वाल्मीकि जी ने कठिन साधना और तप से आत्मज्ञान प्राप्त किया जो हमें सिखाता है कि धैर्य और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। क्योंकि वाल्मीकि जी ने साहित्य के माध्यम से मानवता, नैतिकता और धर्म का संदेश दिया जो हमें यह दर्शाता है कि कला और लेखन समाज को जागरूक कर सकते हैं। उनके कार्यों से हमें सत्य और धर्म का पालन करने की प्रेरणा भी मिलती है जोकि मनुष्य जीवन का मूल सिद्धांत है। उनके जीवन से हमें अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और दूसरों की भलाई के लिए कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। कुलदीप सिंह पठानिया ने सराय परिसर में शौचालय सहित अन्य सुविधाओं के विकास के लिए अपनी ओर से 2 लाख रुपए देने की घोषणा की। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र वासियों की समस्याएं भी सुनी तथा मौके पर ही हल किया।
 
 
इससे पूर्व वाल्मीकि कल्याण सभा के प्रधान अशोक सिद्धू ने विधानसभा अध्यक्ष का  स्वागत कर विधिवत सम्मानित किया। उन्होंने स्थानीय विकास संबंधी मांगों वारे भी मुख्य अतिथि को अवगत करवाने के अलावा बकलोह कैंट में 2/4 बाजार में पेयजल टैंक की मुरम्मत करवाने तथा 1/4 बाजार में पेयजल समस्या को हल करवाने के लिए विधानसभा अध्यक्ष का मंच से आभार व्यक्त किया।