महाराष्ट्र सरकार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से पिछले दिनों हुई विमान दुर्घटना की जांच सीबीआई से कराने का आग्रह किया है। इसमें राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मौत हो गई थी। श्री फडणवीस ने कल मुंबई में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि महायुति सरकार विमान दुर्घटना से संबंधित सभी शंकाओं को दूर करने का पूरा प्रयास करेगी। श्री फडणवीस ने कहा कि राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन के सहयोगी दल एनसीपी से एक पत्र मिला है जिसमें विमान दुर्घटना की सीबीआई जांच की मांग की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डीजीसीए और राज्य सीआईडी की जांच के साथ-साथ सीबीआई भी जांच करेगी।
28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती के पास उतरने की कोशिश कर रहे चार्टर्ड विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से अजित पवार और उसमें सवार चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी।
श्री फडणवीस ने कहा कि डीजीसीए वीएसआर कंपनी का ऑडिट कर रहा है और उसकी सभी लॉगबुक की जांच की जा रही है। पत्रकार सम्मेलन में मौजूद राज्य की उपमुख्यमंत्री और अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने कहा कि उन्होंने विमान दुर्घटना की सीबीआई जांच का अनुरोध किया है। श्रीमती पवार ने कहा कि मुख्यमंत्री ने दुर्घटना की गहन जांच का आश्वासन दिया है।