मौसम विभाग ने मुंबई और उसके उपनगरों में आज मूसलाधार बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। साथ ही 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवायें भी चल सकती हैं। मुंबई और उसके पड़ोसी जिलों–पालघर, ठाणे और रायगढ में आज के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने पुणे, नाशिक और सतारा के घाटों के लिए भी रेड अलर्ट जारी किया है। बृहन्नमुंबई महानगर पालिका ने मुंबई में आज सभी सरकारी, निजी तथा नगर निगम के स्कूलों और कालेजों में अवकाश घोषित किया है।
मुंबई और उसके उपनगरीय इलाकों में शुक्रवार से तेज वर्षा हो रही है। मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने सभी लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। उप-मुख्यमंत्री अजीत पवार ने राज्य आपात नियंत्रण कक्ष का दौरा किया और मुंबई तथा राज्य के अन्य हिस्सों में तेज वर्षा से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा की।