मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

अक्टूबर 4, 2024 8:56 पूर्वाह्न

printer

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्रियों ने मराठी को शास्त्रीय भाषा का दर्जा देने के लिए केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे तथा उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस और अजित पवार ने मराठी को शास्त्रीय भाषा का दर्जा देने के लिए केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया है।
 
केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा मराठी को शास्त्रीय भाषा का दर्जा देने की मंजूरी मिलने पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने प्रसन्‍नता व्यक्त की है। उन्होंने इस फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मंत्रिमंडल को धन्यवाद दिया। सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री शिंदे ने कहा कि एक लंबी लड़ाई जीती गई है। 
 
महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने भी प्रधानमंत्री और मंत्रिमंडल के प्रति आभार व्यक्त किया है। इसे मराठी भाषा के लिए एक ऐतिहासिक दिन बताते हुए श्री फडनवीस ने बताया कि मुख्यमंत्री रहते हुए 2013 में उन्होंने इस संबंध में एक प्रस्ताव भेजा था और मौजूदा मुख्यमंत्री श्री एकनाथ शिंदे द्वारा लगातार इसका अनुसरण किया गया। उन्होंने कहा कि मराठी भाषा वास्तव में एक शास्त्रीय भाषा है, यह साबित करने के लिए लीला चरित्र, ज्ञानेश्वरी, विवेक सिंधु जैसे महाकाव्यों का हवाला दिया गया था। उन्होंने इस गौरव के लिए सभी विशेषज्ञों और विद्वानों को भी धन्यवाद दिया।
 
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इस फैसले को महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक बताया। श्री गडकरी ने मराठी भाषा के समग्र विकास और प्रचार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।