प्रवर्तन निदेशालय – ईडी ने महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी मामले में लगभग 1700 करोड़ रुपये की संपत्ति को अस्थायी रूप से जब्त कर लिया है। ईडी के रायपुर क्षेत्रीय कार्यालय ने एक बयान में कहा कि यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम के अंतर्गत की गई है।
एजेंसी ने दुबई में 18 और नई दिल्ली में दो अचल संपत्तियों को जब्त किया है, जिनमें दुबई हिल्स एस्टेट, बिजनेस बे, एसएलएस होटल एंड रेजिडेंस और बुर्ज खलीफा में स्थित आलीशान विला और अपार्टमेंट शामिल हैं।
ईडी ने बताया कि ये संपत्तियां महादेव सट्टेबाजी एप्लिकेशन के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्रकार की हैं और उनके सहयोगियों के नाम पर हैं। जांच में पता चला है कि ये संपत्तियां अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी से अर्जित अपराध की आय से हासिल की गई थीं। यह गिरोह कई प्लेटफार्मों के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काम करता था और दुबई से नियंत्रित होता था। अब तक 175 से अधिक स्थानों पर तलाशी ली जा चुकी है और 13 गिरफ्तारियां की गई हैं। आगे की जांच जारी है।