मार्च 9, 2026 8:56 अपराह्न | Loksabha

printer

पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा की मांग को लेकर विपक्षी दलों के हंगामे के बाद लोकसभा की कार्यवाही स्थगित

पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा की मांग को लेकर विपक्षी दलों के हंगामे के बाद लोकसभा की कार्यवाही आज दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई। दूसरे स्थगन के बाद दोपहर 3 बजे सदन की कार्यवाही फिर शुरू होने पर पीठासीन अधिकारी जगदंबिका पाल ने कांग्रेस सदस्य मोहम्मद जावेद से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को हटाने संबंधी प्रस्ताव पेश करने को कहा। लेकिन कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके, समाजवादी पार्टी और अन्य दलों के विपक्षी सदस्य पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा की मांग करते हुए सदन के बीचों-बीच आ गए। श्री पाल ने कहा कि विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर शून्यकाल के दौरान पश्चिम एशिया की स्थिति पर पहले ही बयान दे चुके हैं और इस विषय पर चर्चा की अनुमति नहीं दी जा सकती। अध्यक्ष ने विरोध कर रहे सदस्यों से अपनी सीटों पर वापस जाने और सदन को सुचारू रूप से चलने देने का आग्रह किया। उन्होंने सदस्यों के व्यवहार पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि व्यवधान के कारण सरकारी धन की बर्बादी हो रही है। विपक्षी सदस्यों का हंगामा जारी रहने के कारण अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
इससे पहले दिन में 12 बजे सदन की कार्यवाही फिर शुरू होने पर सदस्यों ने आईसीसी टी-20 विश्वकप जीतने पर भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई दी। इसके बाद विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने पश्चिम एशिया की स्थिति पर बयान दिया। श्री जयशंकर ने कहा कि क्षेत्र में तनाव कम करने के लिए बातचीत और कूटनीति का रास्ता अपनाया जाना चाहिए। विदेश मंत्री के वक्तव्य के दौरान विपक्षी सदस्य पश्चिम एशिया संघर्ष पर चर्चा की मांग करते हुए सदन के बीचों-बीच आ गए। विपक्ष के विरोध पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू ने अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन में इतना गैर-जिम्मेदार विपक्ष नहीं देखा। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ प्रस्ताव का नोटिस दिया था, जो सदन की आज की कार्यसूची में चर्चा के लिए शामिल था। उन्होंने कहा कि विपक्ष भ्रमित है और अन्य मुद्दों पर चर्चा की मांग कर रहा है। विपक्षी सदस्यों का विरोध जारी रहने पर सदन की कार्यवाही दोपहर बाद तीन बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
इससे पहले आज सुबह 11 बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई। सदन में शिलांग के वर्तमान सांसद डॉ. रिकी एन्ड्रयू जे. सिंगकॉन को श्रद्धाजंलि दी, जिनका हाल ही में निधन हो गया था। सदन ने चार भूतपूर्व सदस्य कुमारी सुशीला त्रिरिया, देवीबक्श सिंह, पूर्णमासी राम और के. पी. उन्नीकृष्णन को भी श्रद्धाजंलि अर्पित की। सदस्यों ने दिवंगत आत्माओं की स्मृति में मौन रखा। इसके बाद सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला