अगस्त 8, 2025 5:20 अपराह्न

printer

शोर शराबे के बीच खत्म हुई लोकसभा की कार्यवाही, राज्यसभा में बेनतीजा रहा प्रश्नकाल

संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही आज बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य के मुद्दे पर विपक्षी दलों के विरोध के कारण दिन भर के लिए स्‍‍थगित कर दी गई। लोकसभा की कार्यवाही जब दोपहर 3 बजे फिर शुरू हुई तो विपक्षी दलों के सदस्‍य सदन के बीचों बीच आ गये और विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य के मुद्दे पर नारेबाजी करने लगे। पीठासीन अधिकारी ने विरोध कर रहे विपक्षी सदस्‍यों को अपनी सीट पर जाने का आग्रह किया।

 

केन्‍द्रीय वित्‍तमंत्री निर्मला सीतारमन ने सदन द्वारा अनुमोदित आयकर विधेयक-2025 को वापस लेने संबंधी प्रस्‍ताव को आगे बढ़ाया। शोर शराबा जारी रहने के कारण संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि शुक्रवार का दिन निजी सदस्‍य विधेयक के लिए आरक्षित है लेकिन विरोध करने वाले सदस्‍यों ने अपना विरोध जारी रखा। उन्‍होंने कहा कि सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। शोर शराबे के बीच अध्‍यक्ष ने सदन की कार्यवाही दिन-भर के लिए स्‍थगित कर दी।

 

इससे पहले सदन की कार्यवाही पहले स्‍थगन के बाद जब दोपहर 12 बजे शुरू हुई तो विपक्षी सदस्‍यों ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य पर चर्चा की मांग करते हुए विरोध शुरू कर दिया। पीठासीन अधिकारी ने विपक्षी सदस्‍यों को अपनी सीट पर बैठने और सदन की कार्यवाही चलने देने का आग्रह किया। उन्‍होंने कहा कि विपक्षी सदस्‍यों का आचरण उचित नहीं है। शोर-शराबे के बीच पीठासीन अधिकारी ने शून्‍य काल चलाने का प्रयास किया लेकिन विपक्षी सदस्‍यों का विरोध जारी रहने के कारण सदन की कार्यवाही दोपहर 3 बजे तक के लिए स्‍थगित कर दी गई ।

 

लोकसभा की कार्यवाही सुबह जब 11 बजे शुरू हुई तो सदन ने भारत छोड़ो आंदोलन में भाग लेने वाले स्‍वाधीनता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। सदन ने पूर्व सांसद सत्‍यपाल मलिक को भी श्रद्धांजलि अर्पित की। उनका हाल ही में निधन हो गया था। लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला ने प्रश्‍नकाल चलाने की कोशिश की। विपक्षी सदस्यों ने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण पर चर्चा की मांग करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। श्री बिरला ने सदन की कार्यवाही में उत्‍पन्‍न बाधा पर अप्रसन्‍नता व्‍यक्‍त की। हंगामा जारी रहने के कारण अध्‍यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्‍थगित कर दी।

 

इसी प्रकार की स्थिति राज्‍यसभा में भी देखने को मिली। सदन की कार्यवाही पहले स्‍थगन के बाद दोपहर 12 बजे जब शुरू हुई तो विपक्षी सदस्‍यों ने विशेष गहन पुनरीक्षण पर चर्चा की मांग करते हुए  फिर नारेबाजी शुरू कर दी। पीठासीन अधिकारी ने प्रश्‍नकाल चलाने की कोशिश की लेकिन विपक्षी सदस्‍यों की नारेबाजी जारी रही। इस शोर-शराबे के बीच पीठासीन अधिकारी ने सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्‍थगित कर दी।

 

इससे पहले राज्‍यसभा की कार्यवाही जब 11 बजे शुरू हुई तो सदन ने भारत छोड़ो आन्‍दोलन के दौरान स्‍वाधीनता की लड़ाई लड़ने वाले स्‍वाधीनता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उप-सभापति हरिवंश ने कहा कि 9 अगस्‍त का दिन ऐतिहासिक भारत छोड़ो आन्‍दोलन की 83वीं वर्षगांठ को दर्शाता है। स्‍वाधीनता के लिए राष्‍ट्र के अथक संघर्ष में यह दिन एक महत्‍वपूर्ण अध्‍याय है। उन्‍होंने कहा कि 1942 में महात्‍मा गांधी ने अंग्रेजों के औपनिवेशिक शासन को समाप्‍त करने के लिए इस आन्दोलन का आह्वान किया था।

 

उप-सभापति ने राजनीतिक दलों द्वारा दिए गए स्‍थगन प्रस्‍ताव को खारिज कर दिया। बाद में विपक्षी सांसदों ने विशेष गहन पुनरीक्षण पर चर्चा के मुद्दे पर नारेबाजी शुरू कर दी। श्री हरिवंश ने विपक्षी सदस्‍यों को अपनी सीट पर वापस जाने और सदन की कार्यवाही चलने देने का आग्रह किया। उन्‍होंने कहा कि राज्यसभा का 56 घंटे से अधिक समय उत्‍पन्‍न बाधाओं के कारण नष्‍ट हो चुका है। हंगामा जारी रहने के कारण उपसभापति ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे के लिए स्‍थगित कर दी।  

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला