जुलाई 23, 2025 9:57 अपराह्न

printer

लोकसभा, राज्यसभा की कार्यवाही विपक्ष के हंगामे के बीच की गई स्थगित

संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही आज लगातार तीसरे दिन विपक्ष के हंगामे के कारण बाधित। विपक्षी दल विशेष गहन पुनरीक्षण और अन्य मुद्दों पर चर्चा की मांग कर रहे थे।

 

संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही आज लगातार तीसरे दिन विपक्ष के हंगामे के कारण बाधित हुई। विपक्षी दल बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और अन्य मुद्दों पर चर्चा की मांग कर रहे थे। लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही आज दो बार स्थगित होने के बाद अंततः पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई।

दूसरे स्थगन के बाद दोपहर दो बजे जैसे ही लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई, कांग्रेस, द्रमुक, समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दल अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते हुए आसन के सामने आ गए। पीठासीन अध्‍यक्ष ने प्रदर्शनकारी सदस्यों से सदन की कार्यवाही चलने देने का आग्रह किया और कहा कि आज गोवा राज्य के विधानसभा क्षेत्रों में अनुसूचित जनजातियों के प्रतिनिधित्व के पुनर्समायोजन विधेयक, 2024 से संबंधित एक महत्वपूर्ण विधेयक सूचीबद्ध है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को इस विधेयक पर चर्चा होने देनी चाहिए। शोर-शराबा जारी रहने पर सभापति ने सदन की कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी।

इससे पहले, जब पहले स्थगन के बाद दोपहर 12 बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई, तो विपक्षी सदस्यों ने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और अन्य मुद्दों पर चर्चा की मांग को लेकर नारेबाजी जारी रखी। उन्होंने बिहार में पुनरीक्षण को वापस लेने की भी मांग की। शोरगुल के बीच, युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने राष्ट्रीय खेल प्रशासन विधेयक, 2025 और राष्ट्रीय डोपिंग रोधी (संशोधन) विधेयक, 2025 पेश किया। पीठासीन अध्‍यक्ष ने शून्यकाल का संचालन करने का प्रयास किया, लेकिन विपक्षी सदस्य नारे लगाते रहे।

पीठासीन अध्‍यक्ष ने कहा कि सरकार विपक्ष द्वारा उठाए गए मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन वे सदन को चलने नहीं दे रहे हैं। शोरगुल के बीच, अध्‍यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। सुबह 11 बजे जब सदन की कार्यवाही शुरू हुई, तो लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रश्नकाल की कार्यवाही शुरू की, लेकिन विपक्षी सदस्य विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की मांग को लेकर नारेबाजी करने लगे।

श्री बिरला ने विपक्ष से प्रश्नकाल चलने देने की अपील करते हुए कहा कि देश की जनता उनके आचरण को देख रही है। शोरगुल के बीच ही रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बिहार में रेलवे परियोजनाओं से संबंधित एक प्रश्न का उत्तर दिया। विपक्षी सदस्यों ने अपना विरोध जारी रखा जिसके कारण अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

राज्यसभा में भी ऐसा ही नजारा देखने को मिला। दूसरे स्थगन के बाद, जब सदन दोपहर दो बजे शुरू हुआ, तो विपक्षी दलों ने सदन में हंगामा किया और बिहार में विशेष गहन संशोधन पर चर्चा की मांग की। शोरगुल के बीच ही, पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सबानंद सोनोवाल ने समुद्र में माल ढुलाई विधेयक, 2025 को विचार और पारित करने के लिए पेश किया, लेकिन विपक्षी दलों के हंगामे के कारण चर्चा नहीं हो सकी। कांग्रेस, द्रमुक, तृणमूल कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के सदस्‍य अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाते हुए खड़े हो गए। शोरगुल जारी रहने पर, उप-सभापति ने सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी।

इससे पहले, जब राज्‍यसभा की बैठक पहले के स्थगन के बाद दोपहर 12 बजे फिर शुरू हुई, तो उप-सभापति ने प्रश्नकाल चलाने का प्रयास किया, लेकिन विपक्षी सदस्य अपनी मांगों पर अड़े रहे। उप-सभापति ने प्रदर्शनकारी सदस्यों से प्रश्नकाल चलने देने का अनुरोध किया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। हंगामे के बीच, राज्यसभा को दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। सुबह जब 11 बजे सदन की कार्रवाई शुरू हुई तो विपक्षी सदस्यों ने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और अन्य मुद्दों पर चर्चा की मांग को लेकर नारे लगाए।

उप-सभापति हरिवंश ने विपक्षी सदस्यों द्वारा दिए गए कार्यस्थगन नोटिस को अस्वीकार कर दिया। उप-सभापति ने विपक्षी सदस्यों से शून्यकाल चलने देने की अपील की ताकि सदस्य अपने मुद्दे उठा सकें, लेकिन विपक्ष ने अपना विरोध जारी रखा, जिसके कारण सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।