लीबिया के सेना प्रमुख मोहम्मद अली अहमद अल-हद्दाद और चार अन्य लोगों की तुर्किये की राजधानी अंकारा के पास विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई है। लीबिया के प्रधानमंत्री अब्दुल हामिद दिबेबा ने बताया कि यह दुर्घटना कल उस समय हुई जब अधिकारी तुर्किये की यात्रा से लौट रहे थे। मृतकों में थलसेना प्रमुख अल-फितौरी ग़रीबिल, सैन्य विनिर्माण प्राधिकरण के निदेशक महमूद अल-क़तावी, अल-हद्दाद के सलाहकार मुहम्मद अल-असावी दियाब और सैन्य फोटोग्राफर मुहम्मद उमर अहमद महजूब शामिल थे।
दुर्घटना में चालक दल के तीन सदस्य भी मारे गए हैं। शुरुआती जांच रिपोर्ट में, लीबिया के सेना प्रमुख के विमान दुर्घटना में तोड़-फोड़ की आशंका से इनकार किया है। लीबिया के सेना प्रमुख मोहम्मद अली अहमद अल-हद्दाद ने अपनी यात्रा के दौरान तुर्किये के सेना प्रमुख और अन्य सैन्य कमांडरों से मुलाकात की थी।