लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता ने केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन के अधिकारियों को लेह जिले में कुछ प्रतिबंधों को संतुलित तरीके से कम करने और शहर में शांति तथा सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया। यह निर्देश कल प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के शीर्ष अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक के बाद जारी किए गए।
बैठक में लेह जिले की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि समग्र स्थिति में सुधार हो रहा है। साथ ही जनता की सकारात्मक प्रतिक्रिया भी मिल रही है। उपराज्यपाल ने आवश्यक सेवाओं का आकलन किया। उन्होंने पूरे क्षेत्र में सामान्य स्थिति बनाए रखने में जिला प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के प्रयासों की सराहना भी की।
इस बीच, लेह के ज़िला मजिस्ट्रेट ने आज से कॉलेजों को फिर से खोलने की अनुमति देकर और अधिक छूट दी है। इस छूट के साथ, विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों को छोड़कर सभी औपचारिक शैक्षणिक संस्थान अब पूरी तरह से काम करना शुरू कर चुके हैं। इन्हें विरोध प्रदर्शनों के कारण बंद करना पड़ा था। लेह ज़िले के अधिकार क्षेत्र में व्यावसायिक संचालन की अवधि भी शाम 6 बजे से बढ़ाकर रात 8 बजे कर दी गई है।