किरेन रिजिजू ने आज संसदीय कार्य मंत्री और अल्पसंख्यक मंत्रालय का पदभार ग्रहण किया। श्री रिजिजू ने लोकसभा और राज्यसभा के सभी सदस्यों से संसद को सुचारू रूप से चलाने में उनके सहयोग के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में संसद में होने वाली चर्चा में सभी सदस्यों का उद्देश्य देश की सेवा होना चाहिए। श्री रिजिजू ने कहा कि वह अर्जुन राम मेघवाल और एल. मुरूगन के साथ मिलकर संसद से सबका साथ, सबका विकास के मंत्र को आगे बढाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी को जनादेश का सम्मान करना चाहिए, चाहे सरकार हो या विपक्ष।
मनोहर लाल ने भी केंद्रीय ऊर्जा मंत्री का कार्यभार संभाला।
जितेन्द्र सिंह ने आज कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के राज्यमंत्री का पदभार संभाला। श्री सिंह ने कहा कि वह प्रधानमंत्री का उन पर विश्वास व्यक्त करने के लिए आभारी हैं। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्ष में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बड़े क्रांतिकारी बदलाव आए हैं और आगे भी ये कार्य जारी रहेंगे।
जयंत चौधरी ने कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय के राज्यमंत्री का कार्यभार संभाला। श्री चौधरी ने कहा कि उनका मंत्रालय भारत को विकसित बनाने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस बीच, संजय सेठ ने रक्षा मंत्रालय के राज्यमंत्री का पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने से पहले केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उनका स्वागत किया।