छत्तीसगढ़ में आयोजित हो रहे पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के चौथे दिन तैराकी, भारोत्तोलन, फुटबॉल और कुश्ती प्रतियोगिताएं आज भी जारी रहेंगी। तैराकी, भारोत्तोलन और फुटबॉल प्रतियोगिताएं रायपुर में होंगी जबकि कुश्ती प्रतियोगिताएं अंबिकापुर में आयोजित की जा रही हैं।
फुटबॉल में पुरुषों के वर्ग में आज ग्रुप चरण के चार मैच निर्धारित हैं। उद्घाटन मैच पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश के बीच खेला जाएगा। अन्य मैचों में छत्तीसगढ़ का मुकाबला तमिलनाडु से, लक्षद्वीप का सामना गोवा से और मिजोरम का मुकाबला अरुणाचल प्रदेश से होगा।
भारोत्तोलन में महिलाओं के 69 और 77 किलोग्राम वर्ग और पुरुषों के 88 और 94 किलोग्राम वर्ग के फाइनल होंगे। तैराकी के फाइनल में पुरुषों और महिलाओं की 100 मीटर फ्रीस्टाइल, 50 मीटर बैकस्ट्रोक और चार गुना 100 मीटर मिश्रित तैराकी शामिल हैं।
ये खेल इस महीने की 25 तारीख से शुरू हुए और 3 अप्रैल तक चलेंगे। इनमें 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के तीन हजार से अधिक एथलीट तीरंदाजी, एथलेटिक्स, फुटबॉल, हॉकी, तैराकी, भारोत्तोलन और कुश्ती सहित सात खेलों में प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। मल्लखंब और कबड्डी को प्रदर्शन खेलों के रूप में शामिल किया गया है।