छत्तीसगढ़ में आयोजित किए जा रहे खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स आज संपन्न हो गए। प्रतियोगिता में कर्नाटक ने 23 स्वर्ण, 8 रजत और 7 कांस्य पदक जीतकर ओवर ऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में कर्नाटक के बाद ओडिशा 21 स्वर्ण, 15 रजत और 21 कांस्य पदकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। वहीं, झारखंड 16 स्वर्ण, 8 रजत और 11 कांस्य पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। इसके अलावा , मेजबान छत्तीसगढ़ ने 3 स्वर्ण, 10 रजत और 6 कांस्य पदक जीतकर नौवां स्थान हासिल किया।
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के अंतिम दिन आज पुरूष फुटबॉल का फाइनल मुकाबला हुआ। साथ ही तीरंदाजी की विभिन्न स्पर्धाओं के भी फाइनल मैच हुए। रायपुर में खेले गए पुरुष फुटबॉल के फाइनल मुकाबले में पश्चिम बंगाल ने छत्तीसगढ़ को शून्य के मुकाबले एक गोल से पराजित कर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। वहीं, छत्तीसगढ़ को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। तीरंदाजी की स्पर्धाओं में महिला वर्ग की रिकर्व इंडिविजुअल स्पर्धा का स्वर्ण झारखंड की कोमालिका बारी ने जीता। वहीं, रिकर्व टीम स्पर्धा का स्वर्ण नागालैंड की टीम ने जीता है। इसी तरह, पुरूष वर्ग की रिकर्व इंडिविजुअल स्पर्धा का स्वर्ण ओडिशा के अर्जुन खारा ने जीता। वहीं, रिकर्व टीम स्पर्धा का स्वर्ण झारखंड की टीम ने जीता। आज शाम रायपुर में आयोजित समापन समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय थे। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरूण साव भी उपस्थित थे। साथ ही अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर मैरी कॉम और फुटबॉलर बाईचुंग भूटिया भी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे।