केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि विझिंजम बंदरगाह देश में समुद्री क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि देश में विश्व स्तरीय बंदरगाह बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने की दिशा में यह एक बड़ा कदम है। केंद्रीय मंत्री आज तिरुवनंतपुरम के विझिंजम बंदरगाह में पहले कंटेनर जहाज ‘सैन फर्नांडो’ के आगमन के आधिकारिक स्वागत कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। श्री सोनोवाल ने विझिंजम को विश्व स्तरीय बंदरगाह में बदलने के लिए राज्य सरकार द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की।
समारोह में बोलते हुए मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कहा कि विझिंजम एक मुख्य बंदरगाह के रूप में अच्छी तरह से सुसज्जित होगा। उन्होंने आगे कहा कि बंदरगाह आर्थिक विकास की प्रेरक शक्ति हैं और विझिंजम के वास्तविकता बनने के साथ, केरल में विकास का एक नया अध्याय शुरू हो गया है।
सैन फर्नांडो जहाज की बर्थिंग प्रक्रिया कल पूरी हो गई। विझिंजम में एक हजार 930 कंटेनर उतारे गए हैं। आने वाले दिनों में बंदरगाह पर बड़े जहाजों के आगमन की उम्मीद है। इससे वैश्विक ट्रांसशिपमेंट बंदरगाह मानचित्र पर केरल मजबूत स्थिति में होगा।