जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने राज्यों को पूंजी निवेश हेतु विशेष सहायता – एसएएससीआई योजना के अंतर्गत परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए एक बैठक की अध्यक्षता की। इस समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा कार्यान्वित की जा रही परियोजनाओं के कार्य, सुधार और अवसरों की प्रगति पर ध्यान केन्द्रित किया गया। व्यापक विभाग-वार समीक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने भौतिक और आर्थिक प्रगति, निधियों के इस्तेमाल और परियोजनाओं के समय पर कार्यान्वयन में बाधा उत्पन्न करने वाले मुद्दों की जांच की।
मुख्यमंत्री ने व्यय में तेजी लाने, बाधाओं को दूर करने और समय-सीमा तथा गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट निर्देश जारी किए। उन्होंने व्यय में तेजी लाने की आवश्यकता पर बल दिया ताकि अधिकतम राशि का उपयोग हो सके और न्यूनतम राशि खर्च हो। उन्होंने निधि के त्वरित उपयोग और परियोजनाओं के समय पर पूरा होने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि निधि में देरी या व्यय न होने से अगले वित्तीय वर्ष में निधि की मंजूरी प्रभावित हो सकती है।