भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का पर्व जन्माष्टमी आज छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न भागों में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जा रहा है। इस मौके पर प्रदेश के कृष्ण मंदिरों में आवश्यक तैयारियां की गई हैं। मंदिरों और घरों में आज रात भगवान श्रीकृष्ण की विशेष रूप से पूजा-अर्चना कर जन्मोत्सव मनाया जाएगा। भगवान श्रीकृष्ण को माखन-मिश्री के अलावा अन्य कई चीजों का भोग लगाया जाएगा।
इस बीच, राजधानी रायपुर में भी कृष्ण मंदिरों की विशेष साज-सज्जा की गई है। मंदिरों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। इस मौके पर श्रीकृष्ण के बाल गोपाल रूप का श्रृंगार कर विशेष पोशाक पहनाई जाएगी। राजधानी में टाटीबंध स्थित इस्कॉन मंदिर, समता कॉलोनी के राधा-कृष्ण मंदिर और मठपारा स्थित दूधाधारी मठ में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी हुई है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोगों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी हैं।