जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने नशामुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के अंतर्गत डोडा में नागरिकों को मादक पदार्थों के खिलाफ एकजुट करने के लिए जागरूकता कार्यक्रम शुरू किया।
इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ जन आंदोलन लोगों के दृढ़ संकल्प और एकता को दर्शाता है और इस खतरे को तभी खत्म किया जा सकता है जब सभी एकजुट होकर एक आवाज में बोलें। उपराज्यपाल ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी आतंकवाद से कम नहीं है और इसमें शामिल लोगों को कड़ी सजा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में मादक पदार्थों के तस्करों के साथ वही व्यवहार किया जाएगा जो आतंकवादियों के साथ किया जाता है।
उपराज्यपाल ने जन-भागीदारी के महत्व पर बल देते हुए कहा कि यह लड़ाई केवल सरकारी तंत्र पर निर्भर नहीं रह सकती बल्कि, समाज को भी सक्रिय रूप से भाग लेना होगा। उन्होंने स्कूलों, कॉलेजों, सामाजिक संगठनों और मीडिया से भी इस अभियान में शामिल होने का आह्वान किया।