मार्च 28, 2026 8:39 पूर्वाह्न

printer

जी-7 बैठक में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने वैश्विक आर्थिक सुरक्षा के लिए नौवहन की स्वतंत्रता पर बल दिया

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने फ्रांस में जी-7 विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान वैश्विक आर्थिक सुरक्षा के लिए नौवहन की स्वतंत्रता के महत्व पर बल दिया। एक सोशल मीडिया पोस्ट में, डॉ. जयशंकर ने कहा कि बैठक के दौरान, उन्होंने महत्वपूर्ण खनिजों पर इनकी मूल्य शृंखला के साथ सहयोग बढ़ाने के लिए चल रहे कदमों की सराहना की और नार्को-आतंकवाद के गठजोड़ से जुड़े खतरे पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान, मंत्रियों ने विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े खतरों और सं-प्रभुता पर चर्चा की। 
 
इससे पहले, विदेश मंत्री ने अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो से मुलाकात की और बैठक से अलग सार्थक बातचीत भी की। सऊदी अरब के विदेश मंत्री फैसल बिन फरहान के साथ बैठक के दौरान, डॉ. जयशंकर ने पश्चिम एशिया पर श्री फरहान के आकलन की सराहना की और दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग पर भी चर्चा की। विदेश मंत्री ने इटली के उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी, यूरोपीय आयोग की उपाध्यक्ष काजा कल्लास, यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा और जर्मनी के विदेश मंत्री जोहान वाडेफुल से भी बातचीत की।