इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने कल सऊदी अरब के युवराज मोहम्मद बिन सलमान से मुलाकात की। सुश्री मेलोनी कल अघोषित यात्रा पर जेद्दाह पहुंची। सऊदी प्रेस एजेंसी ने ख़बर दी है कि बैठक में द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की गई तथा इन्हें और मज़बूत करने पर विचार-विमर्श हुआ।
हाल के क्षेत्रीय घटनाक्रम, अंतरराष्ट्रीय नौवहन और ऊर्जा सुरक्षा पर भी विचार हुआ। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता के लिए संयुक्त प्रयासों के समन्वय पर भी चर्चा की।
सुश्री मेलोनी इसके बाद कतर और संयुक्त अरब अमीरात जाएंगी। उनकी यह यात्रा क्षेत्रीय तनाव और खाड़ी देशों पर ईरान के हाल के हमले के बाद ऊर्जा सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंता के बीच हो रही है। फरवरी में ईरान के खिलाफ अमरीका और इज़राइल के हमलों के बाद किसी यूरोपीय नेता की सऊदी अरब की यह पहली यात्रा है।
माना जा रहा है कि इस यात्रा का उद्देश्य ईरानी हमलों का सामना कर रहे खाड़ी के सहयोगी देशों के प्रति समर्थन दर्शाना और इटली की ऊर्जा आपूर्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
इटली खाड़ी ऊर्जा परियोजनाओं में अपनी कम्पनियों का निवेश जारी रखने की भी पुष्टि करना चाहता है। वह पहले से ही खाड़ी देशों को रक्षा हथियारों की आपूर्ति कर रहा है। युद्ध शुरू होने से पहले कतर ने भी इटली की गैस खपत के लगभग 10 प्रतिशत की आपूर्ति की।
पिछले वर्ष इटली के कुल तेल आयात का लगभग बारह प्रतिशत पश्चिम एशिया से हुआ, लेकिन होर्मुज स्ट्रेट बंद होने के बाद अप्रैल और जून माह के लिए निर्धारित एलएनजी की आपूर्ति बाधित हो रही है।
ईरान के हमलों से क्षेत्रीय उत्पादन पर भी असर पड़ा है। पिछले महीने हमलों के कारण कतर की एलएनजी निर्यात क्षमता में लगभग 17 प्रतिशत की कमी आई।