इजराइल के प्रधानमंत्री बेन्यामिन नेतन्याहू ने विश्व के नेताओं से ईरान का सामना करने में इस्राएल और अमरीका का साथ देने का आग्रह किया है। उन्होंने आज कहा कि ईरान के हाल के मिसाइल हमलों से पता चलता है कि ईरान विश्व के लिए एक बडा खतरा बन रहा है। प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कल दक्षिणी इस्राएल के अराद और दिमोना में ईरान के मिसाइल हमले के बाद यह टिप्पणी की है। इन हमलों में सौ से अधिक लोग घायल हुए और रिहायशी इलाकों को नुकसान पहुंचा। हमले में किसी किसी के मौत की खबर नहीं है। मीडिया की खबरों के अनुसार ईरानी हमले का लक्ष्य दिमोना शहर से 13 किलोमीटर दूर स्थित एक परमाणु संयंत्र था।
इजराइल के प्रधानमंत्री ने आज अराद में हमले की जगह का दौरा किया। बाद में पत्रकारों से बातचीत में श्री नेतन्याहू ने ईरान पर यरूशलेम में नागरिक क्षेत्रों और स्थलों को निशाना बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ईरान ने लंबी दूरी तक मार करने की क्षमता का प्रदर्शन किया है और अंतरराष्ट्रीय समुद्री और ऊर्जा मार्गों को खतरा पैदा किया है।ईरान ने कहा है कि ये हमले उसके नतान्ज़ परमाणु संयंत्र पर हुए हमले के जवाब में रणनीतिक स्थलों को निशाना बनाकर किए गए थे।
इस बीच, ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर उसके बिजली संयंत्रों पर हमला हुआ तो क्षेत्रीय बुनियादी ढांचे को काफी क्षति पहुंचेगी। यह चेतावनी अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के उस बयान के बाद आई है जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर वैश्विक तेल परिवहन के लिए महत्वपूर्ण जलमार्ग, होर्मुज जलडमरूमध्य, 48 घंटे की समय सीमा से पहले नहीं खोला गया तो अमरीका ईरान के बिजली संयंत्रों को नष्ट कर देगा।
सोशल मीडिया पोस्ट में ईरान के संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाक़ेर क़लीबाफ़ ने चेतावनी दी कि अगर ईरानी बिजली संयंत्रों पर हमला हुआ तो पश्चिम एशिया में महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे और ऊर्जा सुविधाओं को अपरिवर्तनीय रूप से नष्ट किया जा सकता है।
दूसरी ओर, इजराइल रक्षा बलों ने कहा है कि उन्होंने दक्षिणी लेबनान में ईरान समर्थित सशस्त्र समूह हिजबुल्लाह को निशाना बनाते हुए नए हमले किए हैं। आज सुबह एक अलग अपडेट में रक्षा बलों ने कहा कि उसने कल शाम ईरान समर्थित गुट के नौ सदस्यों को मार गिराया।
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि दो क्षेत्रों में इस्राएली हमलों के बाद चार लोग मारे गए और सात अन्य घायल हो गए। देश की समाचार एजेंसी ने कहा कि दक्षिणी लेबनान के सुल्तानियाह शहर में तीन लोग मारे गए और सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात ने भी कहा कि उन्होंने आज सुबह मिसाइल हमलों को नाकाम किया। संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उसने आज ईरान से दागी गई चार बैलिस्टिक मिसाइलों और 25 ड्रोन को नाकाम किया है।