विश्व स्वास्थ्य संगठन के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार पोलियो से बचाव के लिए लगभग 6 लाख 40 हजार बच्चों का टीकाकरण करने के लिए गजा पट्टी में तीन दिन के तीन अलग-अलग संघर्ष विराम करने पर इस्राइली अधिकारी और आतंकी समूह हमास सहमत हुए हैं।
टीकाकरण अभियान इस रविवार को शुरू हो रहा है। यह अभियान मध्य गजा में तीन दिन के संघर्ष विराम से शुरू होगा। इसके बाद दक्षिणी गजा में टीकाकरण के लिए भी तीन दिन का एक अन्य संघर्ष विराम होगा। यह अभियान उत्तरी गजा में तीन दिन के एक और संघर्ष विराम के साथ संपन्न होगा। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने बताया कि जरूरत पड़ने पर प्रत्येक क्षेत्र में इस अभियान के लिए एक अतिरिक्त दिन का मानवीय संघर्ष विराम करने पर सहमति बनी है।