मार्च 25, 2026 1:55 अपराह्न

printer

इज़रायल ने दक्षिणी लेबनान में लितानी नदी तक कब्ज़े की मंशा जताई

इज़रायल ने दक्षिणी लेबनान में लितानी नदी तक क्षेत्र पर कब्जे की मंशा जताई, जिसे रक्षा मंत्री इज़रायल काट्ज़ ने ‘सुरक्षा क्षेत्र’ बताया है। यह पहली बार है जब इजराइल ने देश के लगभग 10वें हिस्से के बराबर क्षेत्र पर नियंत्रण की अपनी मंशा स्पष्ट की है।

सैन्य प्रमुख के साथ बैठक में काट्ज़ ने कहा कि इजराइली बल लितानी नदी तक के शेष पुलों और सुरक्षा क्षेत्र पर नियंत्रण रखेंगे। यह नदी भूमध्य सागर में गिरती है और इज़रायल की सीमा से लगभग 30 किलोमीटर उत्तर में स्थित है।

उन्होंने कहा कि यह कदम हिज़्बुल्लाह के खिलाफ अभियान का हिस्सा है। काट्ज़ के अनुसार, इजराइली सैनिकों ने लेबनान-इजराइल सीमा से लितानी नदी तक कई पुलों को उड़ा दिया है, जिनमें हिज़्बुल्लाह द्वारा आतंकियों और हथियारों की आवाजाही के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले पांच पुल भी शामिल हैं।

यह ताजा तनाव उस समय बढ़ा जब ईरान समर्थित हिज़्बुल्लाह ने उत्तरी इज़राइल में रॉकेट दागे, जो ईरान के सर्वोच्च नेता की हत्या और नवंबर 2024 के युद्धविराम के बावजूद हिज़्बुल्लाह पर जारी हमलों के जवाब में थे।

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, तब से अब तक लेबनान में 1,072 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें कम से कम 121 बच्चे और 42 स्वास्थ्यकर्मी शामिल हैं।