इस्राएल सेना और हिजबुल्लाह ने आज लेबनान सीमा पर एक-दूसरे पर हमले किए, जिससे क्षेत्र में तनाव बढ़ गया। ये झड़पें युद्धविराम को स्थिर करने के उद्देश्य से होने वाली अमरीका-ईरान वार्ता से ठीक पहले हुईं। हिजबुल्लाह ने कहा कि उसने दो सप्ताह के युद्धविराम के बावजूद लेबनान में इस्राएल के हमलों के जवाब में इस्राएली सीमावर्ती क्षेत्रों किरयात, शमोना और अविविम पर हमले किए। ईरान ने कहा है कि युद्धविराम लेबनान पर लागू होना था, जबकि इजरायल और अमरीका का कहना है कि लेबनान अमरीका-ईरान युद्धविराम समझौते में शामिल नहीं है। होर्मुज जलडमरूमध्य आज भी लगभग बंद है, जिससे वैश्विक जहाजरानी और तेल आपूर्ति बाधित हो रही है।
इस बीच, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने कहा कि उन्होंने अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ फोन पर बातचीत के दौरान होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही की सैन्य क्षमताओं और लोजिस्टिक पर चर्चा की।
ईरान और अमरीका के बीच वार्ता कल पाकिस्तान में होने वाली है। युद्ध शुरू होने के बाद दोनों पक्षों के बीच यह पहली वार्ता होगी। इस बीच, अमरीका के उपराष्ट्रपति जेडी वैंस ईरान के साथ वार्ता में भाग लेने के लिए पाकिस्तान रवाना हो गए हैं। रवाना होने से पहले पत्रकारों से बातचीत में श्री वैंस ने कहा कि अगर ईरान बातचीत में शामिल होता है तो अमरीका भी रचनात्मक सहयोग के लिए तैयार है। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ईरान वार्ता के दौरान दुर्भावना से काम करने की कोशिश करेगा तो वाशिंगटन सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं देगा।
News On AIR | अप्रैल 10, 2026 8:33 अपराह्न | Lebanese border
इस्राएल सेना और हिजबुल्लाह ने लेबनान सीमा पर एक-दूसरे पर किये हमले, क्षेत्र में बढ़ा तनाव