मार्च 17, 2026 6:13 अपराह्न

printer

इज़राइल के रक्षा मंत्री ने कहा- हवाई हमले में मारे गए ईरान के सुरक्षा प्रमुख अली लारिजानी

इज़राइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज़ ने दावा किया है कि कल रात एक हवाई हमले में ईरान के सुरक्षा प्रमुख अली लारिजानी मारे गए हैं। हालांकि, ईरान की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। अली लारिजानी ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव थे।

उन्हें अगस्त 2025 में ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के प्रतिनिधि के रूप में सचिव के पद पर नियुक्त किया गया था। वे ईरान के सर्वोच्च नेता के सलाहकार भी रह चुके हैं। उन्होंने 2008 से 2020 तक 12 वर्षों तक ईरान की संसद के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया।

इस बीच, इस्राएल की सेना ने दावा किया है कि उसने मध्य तेहरान में बासिज अर्धसैनिक बल के कमांडर गुलामरेज़ा सुलेमानी को भी मार गिराया है। खबरों के अनुसार, सुलेमानी वर्ष 2019 से बासिज सुरक्षा बलों के प्रमुख थे। ईरान की बासिज सेना में लगभग साढे चार लाख सुरक्षाकर्मी हैं।