फ़रवरी 16, 2026 8:26 पूर्वाह्न

printer

अमरीका-ईरान परमाणु वार्ता के दूसरे दौरे के लिए जिनेवा पहुंचे ईरान के विदेश मंत्री

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची और उनका प्रतिनिधिमंडल स्विट्जरलैंड के जिनेवा शहर के लिए रवाना हो गए हैं, जहाँ कल अमरीका के साथ परमाणु वार्ता का दूसरा दौर आयोजित होगा। इस दौरान अराघची स्विट्जरलैंड और ओमान के विदेश मंत्री तथा संयुक्‍त राष्‍ट्र की परमाणु निरीक्षण संस्‍थान के महानिदेशक से भी मिल सकते हैं।

इससे पहले, अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि अमरीका ईरान के साथ अपने मतभेदों को खत्म करने के लिए एक कूटनीतिक समाधान में रूचि रखता है। उन्‍होंने बताया कि राष्‍ट्रपति ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर नए चरण के वार्ता के लिए यात्रा कर रहे हैं। पिछले सप्‍ताह अप्रत्‍यक्ष वार्ता प्रथम चरण ओमान में संपन्‍न हुआ था।

अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान को अपने परमाणु कार्यक्रम पर रोक लगाने के लिए मजबूर करने के लिए बार-बार ताकत का इस्तेमाल करने की धमकी दी है। ईरान लगातार इस बात पर ज़ोर दे रहा है कि उसका कार्यक्रम शांति के लिए है, लेकिन उसने कहा कि वह अपने ऊपर हुए हमले का जवाब देगा। अरब देशों ने चेतावनी दी है कि ईरान पर कोई भी हमला एक और क्षेत्रीय लड़ाई में बदल सकता है।