ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने चेतावनी दी है कि अगर अमरीका, ईरान के बिजली संयंत्रों पर हमला करता है तो ईरान, होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह से बंद कर देगा और जलमार्ग को तब तक नहीं खोला जाएगा जब तक कि ईरान के बिजली संयंत्रों का दोबारा निर्माण नहीं हो जाता। यह बयान उस चेतावनी के बाद आया है, जिसमें अमरीका के राष्ट्रपति, डॉनल्ड ट्रंप ने कहा था कि यदि ईरान 48 घंटे के भीतर होर्मुज जलडमरूमध्य नहीं खोलता है, तो अमरीका ईरान के विभिन्न बिजली संयंत्रों पर हमला करेगा और उन्हें नष्ट कर देगा, जिसकी शुरुआत सबसे बड़े बिजली संयंत्र पर हमले से होगी।
ईरानी संसद के अध्यक्ष, मोहम्मद बाकर क़लीबाफ़ ने भी चेतावनी दी कि अगर उनके देश के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया जाता है, तो पूरे क्षेत्र में महत्वपूर्ण सुविधाएं प्रभावित हो सकती हैं। ईरान ने भी कहा कि वे खाड़ी क्षेत्र में अमरीका के ऊर्जा और प्रौद्योगिकी ढांचे को निशाना बना सकते हैं।
होर्मुज जलडमरूमध्य, दुनियाभर में तेल और गैस की आपूर्ति का महत्वपूर्ण जल मार्ग है। ईरान ने इसे 28 फरवरी से बंद कर रखा है। जिससे दुनियाभर में ईंधन की कीमतों में बढ़ोत्तरी हुई है।